नवपद आराधना

You are currently viewing नवपद आराधना

 

जैन शासन में श्री नवपद जी की आराधना के लिए वर्ष में दो समय बताये गये हैं—१. आसोज मास और २. चैत्र मास । पहला आश्विन शुक्ला सप्तमी से आश्विन  शुक्ल पूर्णिमा पर्यन्त तथा दूसरा चैत्र शुक्ला सप्तमी से चैत्र शुक्ला पूणिमा पर्यन्त । दोनों में नौ दिनों का तप होता है ।

शरद  और वसन्त ऋतुओं में नवपद ओलीजी की आराधना होती है। इन ऋतुओं में शारीरिक विकार अधिक होते हैं-उनके शमन के लिए रूक्ष भोजन का विधान है। ओलीजी की तपस्या दैहिक और आध्यात्मिक आरोग्य के लिए संजीवनी औषधि तुल्य है । ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’ शरीर निश्चय ही धर्म का प्रथम अवलम्ब है। इसलिए दैहिक स्वस्थता अत्यन्त आवश्यक है। तप ‘देह-देवालय’ बनाने का अनुपम आधार है ।

श्री सिद्धचक्र भगवन्त के नवपद हैं-१, अरिहन्त पद, २. सिद्ध पद, ३. आचार्य पद, ४. उपाध्याय पद, ५. साधु पद, ६. दर्शन पद, ७. ज्ञान पद, ८, चारित्र पद, ९. तप पद । 

श्री नवपद को आराधना सुदेव-गुरु-धर्म की आराधना है । श्री अरिहन्त-सिद्ध-आचार्य-उपाध्याय-साधु पंच परमेष्ठी सम्यग् ज्ञान, दर्शन, चारित्र और तप-चार गुणों से अलंकृत हैं । अतः नवपद की आराधना से आराधक इन दिव्य गुणों से विभूषित हो जाता है । जैसे फुलों को हाथ में लेने से उनकी सुगन्ध हाथ में आ जाती है, जैसे शीतल जल के संयोग से शीतलता का अनुभव होता है, जैसे मिष्टान्न से मधुरता को प्रतीति होती है, वैसे ही गुणीजनों की सेवा-अर्चना से गुण प्राप्त होते हैं। अतः नवपदजी की आराधना सर्व मंगलविधायिनी है ।